Connect with us

Spiritual Events

तोशाम के राजयोग भवन में हर्षोल्लास से मनाया गया भाई दूज का पावन पर्व

Published

on

ईश्वरीय परिवार के भाई-बहनों ने आत्मिक दृष्टि और पवित्रता की ली प्रतिज्ञा, तिलक आत्म-स्मृति और ज्ञान का प्रतीक, श्रेष्ठ संस्कारों से ही जीवन बनता है पावन: बी.के. मंजू दीदी

तोशाम: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र राजयोग भवन, तोशाम में भाई दूज (यम द्वितीया) का पावन पर्व आध्यात्मिक वातावरण एवं अत्यंत श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन ईश्वरीय महावाक्यों (मुरली) के श्रवण एवं आत्म-चिंतन के साथ हुआ।

मंच पर मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में उपस्थित तोशाम सेवा केंद्र प्रभारी बी.के. मंजू दीदी ने सभी भाई-बहनों को संबोधित करते हुए भाई दूज के गूढ़ आध्यात्मिक रहस्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाई दूज केवल एक पारिवारिक त्योहार नहीं, अपितु आत्माओं के मध्य आत्मिक भाई-चारे और पवित्र प्रेम का प्रतीक है। मस्तक के बीच लगाया जाने वाला तिलक वास्तव में आत्म-स्मृति (स्वदर्शन) और ज्ञान का तिलक है, जो हमें याद दिलाता है कि हम सभी देह नहीं, बल्कि एक परमपिता परमात्मा शिव की संतान आत्माएं हैं। जब हम अपने जीवन में काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार जैसी आसुरी प्रवृत्तियों पर विजय प्राप्त करते हैं, तभी जीवन में सच्चा उत्सव आता है।

कार्यक्रम के दौरान बी.के. रोशनी दीदी ने अपने विचार साझा किए और कहा कि वर्तमान समय में मानवीय मूल्यों और पवित्रता को बनाए रखना ही समाज की सबसे बड़ी सेवा है। इस अवसर पर बहनों ने सभी भाइयों के मस्तक पर आत्म-स्मृति का तिलक लगाया, ईश्वरीय टोली खिलाई और उन्हें श्रेष्ठ व विकर्म-रहित जीवन जीने का ईश्वरीय संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से कमलेश बहन, बी.के. नरेश भाई, आत्म प्रकाश भाई, दयानंद भाई, मेवा सिंह भाई, मनीष भाई सहित तोशाम नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में ईश्वरीय परिवार के भाई-बहन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी को ईश्वरीय प्रसाद (महाभोग) वितरित किया गया और सामूहिक राजयोग मेडिटेशन द्वारा विश्व कल्याण तथा शांति के प्रकंपन (सकाश) फैलाए गए।