News
कैरु, भुरटाना में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा दीपोत्सव व धनतेरस पर्व का आध्यात्मिक आयोजन
कैरु में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा दीपोत्सव व धनतेरस पर्व का आध्यात्मिक आयोजन: चैतन्य महालक्ष्मी झांकी व दीप प्रज्वलन रहा मुख्य आकर्षण
कैरु: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय उप-सेवाकेंद्र में प्रकाश पर्व दीपावली व धनतेरस के पावन अवसर पर भव्य आध्यात्मिक स्नेह मिलन एवं दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बालिका द्वारा प्रस्तुत माँ महालक्ष्मी का चैतन्य स्वरूप (झांकी) सभी के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने चैतन्य देवी के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर नमन किया और आत्मिक सुख-शांति की मंगलकामना की। इस दौरान सामूहिक रूप से दीपकों की थाल सजाकर जगमगाते दीप जलाए गए, जिससे पूरा सेवाकेंद्र दिव्य रोशनी और आध्यात्मिक उल्लास से आलोकित हो उठा।
इस अवसर पर सेवाकेंद्र प्रभारी बीके शोभा बहन ने दीपोत्सव और धनतेरस का आध्यात्मिक रहस्य स्पष्ट करते हुए कहा कि धनतेरस का वास्तविक अर्थ केवल स्थूल धन-दौलत या बर्तनों की खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने जीवन को ज्ञान, शांति, प्रेम और पवित्रता रूपी सच्चे ईश्वरीय धन से समृद्ध बनाना है। उन्होंने कहा कि आत्मा रूपी दीपक को ज्ञान के घृत से प्रज्वलित कर बुराइयों का अंधकार समाप्त करना ही सच्ची दीपावली है। जब अंतर्मन में सद्गुणों का प्रकाश होता है, तभी घर-परिवार में सुख-समृद्धि और आरोग्यता का स्थायी वास होता है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों, माताओं और भाई-बहनों ने सहभागिता की। सभी ने दीप जलाकर अपने दुर्गुणों को त्यागने और जीवन में दिव्यता अपनाने का संकल्प लिया। इस पावन अवसर पर बीके मोनिका बहन, राजरानी बहन, निशा, पूनम, नेहा, सुनीता और भंवरी बहन सहित अनेक भाई-बहन उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी को ईश्वरीय प्रसाद का वितरण किया गया।



