Brahma Kumaris tosham
परमात्मा कभी दुख नहीं देता, वह सुख का सागर है:
परमात्मा कभी दुख नहीं देता, वह सुख का सागर है: बी.के. मंजू दीदी
भुरटाना की गीता पाठशाला में ‘समय की पुकार’ विषय पर आध्यात्मिक ज्ञान सत्र आयोजित
तोशाम। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, तोशाम शाखा के अंतर्गत भुरटाना स्थित गीता पाठशाला में विशेष आध्यात्मिक ज्ञान सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तोशाम सेवा केंद्र प्रभारी बी.के. मंजू दीदी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को ईश्वरीय ज्ञान, राजयोग और आत्मिक जीवन के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में बी.के. संतोष बहन, बी.के. शीला बहन एवं बी.के. सुनीता बहन ने बी.के. मंजू दीदी का पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीना स्वागत एवं अभिनंदन किया।
‘समय की पुकार’ विषय पर संबोधित करते हुए बी.के. मंजू दीदी ने कहा कि परमात्मा कभी किसी को दुख नहीं देता, बल्कि वह सुख, शांति और आनंद का असीम सागर है। मनुष्य अपने कर्मों के अनुसार सुख और दुख का अनुभव करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की पुकार है कि हम परमात्मा शिव से सच्चा संबंध जोड़ें तथा ईश्वरीय ज्ञान और राजयोग के अभ्यास द्वारा अपने मन को शांत एवं सकारात्मक बनाएं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में प्रत्येक आत्मा के लिए अपने मूल स्वरूप—शांति, पवित्रता और प्रेम—में स्थित रहना आवश्यक है। राजयोग के नियमित अभ्यास से मन में स्थिरता, सकारात्मकता और आत्मिक शक्ति का अनुभव किया जा सकता है।
इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ईश्वरीय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। इनमें पूर्व बीडीसी सदस्य चेतन दास, कश्मीरी लाल, किशोर पोपली, महेश काठपालिया, राजकुमार, अधिवक्ता गुलशन काठपालिया एवं संजय वलेचा सहित अनेक भाई-बहन शामिल रहे।

